मतदान लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत, हर नागरिक को इसका प्रयोग करना चाहिए : जे.पी. नड्डा

साझा करें...

बिलासपुर , 29 मई 2026
भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने पंचायती राज चुनावों में मतदान करने के बाद प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करना चाहिए और यही एक सशक्त एवं जागरूक लोकतंत्र की पहचान है।
जे.पी. नड्डा ने कहा कि आज उन्हें अपने गांव में आकर मतदान करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की असली शक्ति जनता की सहभागिता में निहित है और जब नागरिक बढ़-चढ़कर मतदान करते हैं तो लोकतांत्रिक व्यवस्था और अधिक मजबूत होती है।
उन्होंने प्रदेश की जनता से आग्रह करते हुए कहा कि सभी मतदाता अपने मत का अधिकार अवश्य प्रयोग करें और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि मतदान केवल अधिकार ही नहीं बल्कि एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है, जिसके माध्यम से नागरिक अपने गांव, क्षेत्र और प्रदेश के विकास की दिशा तय करते हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पंचायती राज संस्थाएं लोकतंत्र की बुनियाद हैं और ग्रामीण विकास में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए इन चुनावों में अधिक से अधिक मतदान होना आवश्यक है ताकि जनता की वास्तविक भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
जे.पी. नड्डा ने विश्वास व्यक्त किया कि हिमाचल प्रदेश के लोग लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए बढ़-चढ़कर मतदान करेंगे और लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने कहा कि भारत का लोकतंत्र दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और इसकी सफलता का आधार जनता की सक्रिय भागीदारी है। इसी भावना के साथ सभी नागरिकों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में शामिल होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *