संवाद भारत : चंबा भटियात से कांग्रेस के 5वीं बार के विधायक कुलदीप सिंह पठानिया को हिमाचल प्रदेश की 14वीं विधानसभा का अध्यक्ष सर्वसम्मति से चुना गया है। अध्यक्ष पद के लिए विपक्ष ने कोई उम्मीदवार नहीं उतारा। सत्तापक्ष ने कुलदीप सिंह पठानिया के पक्ष में तीन प्रस्ताव दिये, जिसका विपक्ष ने समर्थन किया। इसके बाद प्रोटेम स्पीकर ने कुलदीप सिंह पठानिया को विधानसभा अध्यक्ष घोषित किया। कुलदीप के नाम का सबसे पहले मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रस्ताव पेश किया। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने इसका समर्थन किया। दूसरा प्रस्ताव उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने रखा, जिसका समर्थन कांग्रेस विधायक हर्षवर्धन चौहान ने किया। तीसरा प्रस्ताव कांग्रेस के धनीराम शांडिल ने रखा और भाजपा के विपिन सिंह परमार ने इसका समर्थन किया। प्रोटेम स्पीकर चंद्र कुमार द्वारा अध्यक्ष की घोषणा के बाद पक्ष-विपक्ष के सदस्यों ने मेजें थपथपाकर नए अध्यक्ष का अभिभावदन किया।
17 सितम्बर 1957 को सलाडा गांव में जन्मे कुलदीप पठानिया वर्ष 1985 में पहली बार विधायक बने और उस वक्त के सबसे युवा विधायक रहे। इसके बाद पठानिया ने 1993, 2003, 2007 का चुनाव जीता। और 2022 में 14 वीं विधानसभा के लिए चुने गए।